Rajasthan Current Affairs 2026 । जुलाई 2026। राजस्थान करेंट अफेयर्स

 

Rajasthan Current Affairs 2026

July 2026 Rajasthan Current Affairs 

पांचना बांध जल विवाद का 20 वर्ष बाद हुआ समाधान
• 1 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल से करौली जिले के पांचना बांध के पानी के वितरण को लेकर दोनों पक्षों में 20 वर्ष पुराने विवाद का समाधान हो गया।
• जयपुर के शिक्षा संकुल में हुई समझौता वार्ता के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम की उपस्थिति में लिखित समझौता संपन्न हुआ। 
• उल्लेखनीय है कि 2100 एमसीएफटी क्षमता के पांचना बांध से लगभग 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है, किंतु वर्ष 2006 के बाद से बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में जल प्रवाह नहीं हो रहा था। गुडला सहित क्षेत्र के 21 राजस्व गांव लगातार यह मांग कर रहे थे कि बांध से लिफ्ट सिंचाई परियोजना के माध्यम से उन्हें पानी उपलब्ध कराया जाए, तभी नहरों में जल प्रवाह की अनुमति दी जाए। 

3-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शाला पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग के आईसीडीएस निदेशालय द्वारा 1 जुलाई 2026 को प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर "खिलौना बैंक", "प्रवेशोत्सव एवं वृक्षारोपण" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक (UCC) 2026 
• राजस्थान सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) का प्रारूप तैयार करने के लिए 22 जून 2026 को सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। 
समिति की संरचना-
अध्यक्षा: न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई
सदस्य: 
1. शत्रुघ्न सिंह
2. बसंत सिंह छाबा 
3. रामस्वरूप अग्रवाल
4. डॉ. शुचि चौहान।
सदस्य-सचिव:- भास्कर ए. सावंत (गृह विभाग, राजस्थान सरकार)।
फोकस क्षेत्र:- बहुविवाह पर पूर्ण प्रतिबंध, लिव-इन रिलेशनशिप का अनिवार्य पंजीकरण, विवाह-विच्छेद व संपत्ति अधिकारों में समानता।
जनजातीय संरक्षण:- राजस्थान के आदिवासी/जनजातीय समुदायों के पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं प्रथाओं को सुरक्षित रखा जाएगा।
नोट:- संविधान के भाग-4 (DPSP) का अनुच्छेद 44 ("राज्य भारत के समस्त राज्यक्षेत्र में नागरिकों के लिए एक समान सिविल संहिता प्राप्त कराने का प्रयास करेगा")।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2026 को राज्य मंत्रिमंडल द्वारा UCC लाने एवं समिति के गठन का निर्णय लिया गया।

राजस्थान फुटबॉल संघ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025-26
• बीकानेर में राजस्थान फुटबॉल संघ (RFA) द्वारा फुटबॉल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
• सर्वश्रेष्ठ अकादमी:- ज़िंक फुटबॉल अकादमी
• सर्वश्रेष्ठ जिला फुटबॉल संघ (महिला वर्ग):- बीकानेर
• सर्वश्रेष्ठ जिला फुटबॉल संघ (पुरुष वर्ग):- सीकर
• प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला श्रेणी):- हंसा कंवर (बीकानेर)
• प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष श्रेणी):- ईशान रोजारियो (जयपुर)

29वां राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन
• आयोजन:- 1-2 जुलाई 2026
• आयोजन स्थल:- राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर
• उद्घाटन:- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 
• इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न ई-गवर्नेंस पहलों के तहत राजस्थान लैंग्वेज मॉडल ट्रेनिंग हैकाथाॅन, स्वचालित नागरिक सेवा प्रदायगी मंच स्मार्ट राजस्थान परियोजना, राजस्थान इनोवेशन चैलेंज, ई-मित्र व्हाट्सएप सेवा का शुभारंभ किया। साथ ही, डिजिटल राजस्थान काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
• 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार (NAeG) 2026 प्रदान किए गए। सात श्रेणियों में कुल 17 उत्कृष्ट परियोजनाओं एवं पहलों को सम्मानित किया गया, जिनमें 10 स्वर्ण, 6 रजत तथा 1 जूरी पुरस्कार शामिल हैं।

BHASHINI ने राजस्थान के जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (NCeG) 2026 में अपनी बहुभाषी AI नवाचारों का प्रदर्शन किया।
आयोजन: इस सम्मेलन का आयोजन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) ने राजस्थान सरकार के सहयोग से किया।
राजस्थान भाषा मॉडल प्रशिक्षण हैकाथॉन: BHASHINI ने मारवाड़ी, मेवाड़ी, ढूँढाड़ी, हाड़ौती, मेवाती तथा बागड़ी भाषाओं के लिये AI भाषा मॉडल विकसित करने के उद्देश्य से इस हैकाथॉन का शुभारंभ किया।
प्रमुख प्रौद्योगिकी प्रदर्शन: BHASHINI ने वाक् एवं पाठ अनुवाद, वॉयस-आधारित AI सेवाएँ, श्रुतलेख (ShrutLekh), भाषादान (BhashaDaan) तथा भारत के प्रथम हैंडहेल्ड बहुभाषी Edge AI डिवाइस सुनो सूत्र (Suno Sutra) का भी प्रदर्शन किया।

BHASHINI प्लेटफॉर्म
• पूर्ण रूप: BHASHa INterface for India
• BHASHINI राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन (NLTM) के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित भाषा अनुवाद मंच है।
इसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं के मध्य निर्बाध एवं प्रभावी संचार को सक्षम बनाना है।
भाषायी विस्तार: यह मंच 36 भारतीय पाठ (Text) भाषाओं, 23 भारतीय वॉयस भाषाओं तथा 35 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं का समर्थन करता है। 

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्म जयन्ती समारोह के उपलक्ष्य में 1 जुलाई से आरंभ हुए "प्रेरणा पखवाड़ा" के अंतर्गत राजस्थान विश्वविद्यालय के कन्वोकेशन सेंटर परिसर में किये वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत की। 

लोकमंथन-2026 का पांचवां संस्करण 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जयपुर, राजस्थान में आयोजित किया जाएगा।  
• मुख्य थीम:- 'हम भारत के लोग'।
• 2016 में भोपाल में उपनिवेशवाद से मुक्ति विषय के साथ लोकमंथन की शुरुआत की गई थी। 

'वीबी जी राम जी' योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ
• विकसित भारत - रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 (VB-G RAM G) 1 जुलाई, 2026 को संपूर्ण ग्रामीण भारत में लागू हो गया, जिसने दो दशक पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम, 2005 (MGNREGA) का स्थान लिया।
• यह नया कानून ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिन के बजाय 125 दिन के रोजगार की गारंटी देता है।
उद्देश्य:- मनरेगा की विसंगतियों को दूर कर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, आधारभूत संरचना का निर्माण और 100% पारदर्शी रोजगार सुनिश्चित करना।
दैनिक मजदूरी:- न्यूनतम मजदूरी ₹300 प्रतिदिन तय की गई है।
कृषि का ध्यान:- बुवाई और कटाई के व्यस्त समय के दौरान सार्वजनिक कार्यों में 60 दिन का अवकाश रखा गया है, ताकि खेती के काम में परेशानी न हो।
डिजिटल तकनीक:- पारदर्शिता के लिए इसमें AI-आधारित योजना, GPS निगरानी, eKYC और बायोमेट्रिक पहचान का उपयोग किया जाता है।
• केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2 जुलाई को आंध्र प्रदेश के तिरूपति से विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी योजना का राष्ट्रीय शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ब्यावर जिले की मसूदा कृषि उपज मण्डी से राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। 
• मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देवमाली में दर्शनार्थियों के लिए आश्रय स्थल बनाने की घोषणा की। 
• मुख्यमंत्री ने नमो उपवन देवमाली में वीबी जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण कार्य का बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से उद्घाटन करवाया। 

हाल ही सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार ने डॉ. जयप्रकाश यादव द्वारा रचित पुस्तक ‘राजस्थान में सहकारिता’ का विमोचन किया।

प्रधानमंत्री का राजस्थान दौरा (4 जुलाई 2026)
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।
• इस अवसर पर उन्होंने संशोधित उड़ान योजना का भी शुभारंभ किया। 
• प्रधानमंत्री ने बालोतरा के पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया और जयपुर मेट्रो फेज-2 (प्रहलादपुरा से टोडी मोड) का शिलान्यास किया।
• इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने SJVN की एक हजार मेगावाट स्थापित क्षमता की बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना और NHPC की 300 मेगावाट के करणीसर सौर ऊर्जा संयंत्र (बीकानेर) का उद्घाटन किया। मेक इन इंडिया पहल को बढ़ावा देने के लिए इन परियोजनाओं में स्वदेश निर्मित सोलर मॉड्यूल्स तथा स्वदेशी सोलर सेल्स का उपयोग किया गया है। 
• इन परियोजनाओं का भी हुआ लोकार्पण-शिलान्यास
—पावरग्रिड बाड़मेर-प्रथम ट्रांसमिशन लिमिटेड
—पावरग्रिड ब्यावर-दौसा ट्रांसमिशन लिमिटेड
—4-लेन जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-।।
—चूरू-सादुलपुर रेल मार्ग
—चूरू-रतनगढ़ रेल मार्ग।

संशोधित उड़ान योजना
• ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के विजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई संशोधित उड़ान योजना में रीजनल एयर कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस योजना के तहत 28 हजार 840 करोड़ रुपये के आवंटन से अगले 10 वर्षों में विमानन आधारित विकास को गति दी जाएगी। 
• संशोधित उड़ान योजना के तहत देश भर में विमानन अवसंरचना के विस्तार के लिए मौजूदा अप्रयुक्त हवाई पट्टियों से 100 हवाई अड्डों के विकास पर विशेष बल दिया गया है। साथ ही, दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंच संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए योजना में 200 आधुनिक हेलीपैड का विकास भी प्रस्तावित है। 
• इस योजना के तहत एयरलाइन कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग सहायता जारी रखी जाएगी, जिससे क्षेत्रीय परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित हो सकेगी। 

पचपदरा ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स 
• हिस्सेदारी:- राज्य सरकार (26%) और HPCL (74%)
• क्षमता:- 9 MMTPA
• लागत:- ₹79,459 करोड़
• ऋण इक्विटी अनुपात:- 2:1 (2 भाग ऋण लिया जाएगा 1 भाग सरकार लगाएगी)
• यह रिफाइनरी बीएस-6 मानक के उत्पादों का उत्पादन करेगी।
• इस परियोजना ने 2.4 MMTPA पेट्रोकेमिकल क्षमता के साथ रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एकीकृत किया है। 
• राजस्थान के क्रूड तथा आयातित क्रूड के मिश्रण को प्रोसेस्ड करने के लिए यह रिफाइनरी अत्याधुनिक सुविधाओं से डिजाइन की गई है। इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 बेहद उच्चस्तरीय है तथा पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 % से अधिक है, जो दक्षता और संधारणीयता के लिए वैश्विक मानकों के अनुरूप है।
लाभ:- यह रिफाइनरी कम कॉम्प्लेक्स भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने तथा औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, पेट्रोकेमिकल एवं प्लास्टिक पार्क के विकास के लिए एक आधारभूत उद्योग के रूप में कार्य करेगा, जिससे डाउनस्ट्रीम उद्योगों एवं अनुषंगी क्षेत्रों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। 

जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 शिलान्यास 
• इसके अंतर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
• यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। 
• इस कॉरिडोर में कुल 36 स्टेशन होंगे।
• परियोजना की कुल लागत:- 13 हजार 37 करोड़ रुपये से अधिक। 
• क्रियान्वयन:- राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो भारत सरकार और राजस्थान सरकार की 50ः50 साझेदारी वाली संयुक्त कंपनी है।
• यह फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसमें एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा। 

तीजन बाई का निधन
• हाल ही छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन हो गया।
• उन्हें महाभारत की कथाओं को कापालिक शैली में मंच पर जीवंत करने, और पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने के लिए जाना जाता है।

हाल ही विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देशानुसार अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा पंचशील विजयाराजे नगर के निकट निर्माणाधीन मल्टीपरपज स्टेडियम का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने राजस्थान के माउंट आबू में 'सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026' का आयोजन किया। 
मुख्य अतिथि: कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने की।

नर्मदा अवार्ड पर ऐतिहासिक समझौता
• केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच नर्मदा अवार्ड के लंबित भुगतान के निपटारे पर ऐतिहासिक समझौता हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता सरदार सरोवर परियोजना की निर्माण लागत में राज्यों की हिस्सेदारी से जुड़े लंबे समय से लंबित विवादों के अंतिम निपटारे (वन-टाइम सेटलमेंट) का मार्ग प्रशस्त करता है।
• नर्मदा जल विवाद प्राधिकरण द्वारा वर्ष 1979 में अवार्ड के माध्यम से राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात एवं महाराष्ट्र के मध्य जल आवंटन किया गया था। इस अवार्ड के अंतर्गत क्लॉज IV/5 के प्रावधान के अनुसार कोई भी राज्य मानसून काल के दौरान उपलब्ध अधिशेष जल का उपयोग अपने राज्य में कर सकता है। यह अधिशेष जल उस राज्य के खाते में नहीं जोड़ा जाएगा।

राजस्थान का अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के साथ समझौता 
• राजस्थान देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है जिसके साथ 128 देशों के समूह वाले इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) ने फ्रेमवर्क फॉर एक्शन-एडवांस क्लीन एनर्जी, ड्रिवन सस्टेनेबल डवलपमेंट पर हस्ताक्षर किए है।
• उल्लेखनीय है कि ISA के साथ हस्ताक्षरित हुए फ्रेमवर्क फॉर एक्शन के माध्यम से राजस्थान के लिए वर्ष 2030-35 की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एनर्जी ट्रांजिशन प्लान तैयार किया जाएगा। 

ऑपरेशन विषवाहिनी एवं ऑपरेशन नीलमणि
• एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान।

ऑपरेशन त्रिनेत्र
• संचालक:- पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा।
• नशा तस्करों की काली कमाई पर प्रहार।

ऑपरेशन गरुड़व्यूह-2
• कोटा पुलिस का महिला सुरक्षा एवं नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान।

ऑपरेशन बॉर्डर क्लीन
• भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाया जा रहा एक प्रमुख अतिक्रमण-विरोधी और सुरक्षा अभियान।
• उद्देश्य: सीमा से 0 से 50 किलोमीटर के दायरे में राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना, अवैध निर्माणों को हटाना और घुसपैठ या असामाजिक गतिविधियों की आशंका को समाप्त करना।

ऑपरेशन विभंजन
• बालोतरा जिला पुलिस द्वारा चलाया जा रहा एक विशेष अभियान।
• उद्देश्य:- क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाना और तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना।

महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार जुलाई पूरे महीने को 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के रूप में मनाया जा रहा है।

ट्रैवल + लीज़र वर्ल्ड्स बेस्ट अवार्ड्स 2026
• राजस्थान के उदयपुर और जयपुर ने दुनिया और एशिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों की सूची में शानदार स्थान हासिल किया है।
उदयपुर: दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में 12वें स्थान पर और एशिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में 8वें स्थान पर रहा है।
जयपुर: दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में 16वें स्थान पर (पिछली बार 5वें से फिसलकर) और एशिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में 10वें स्थान पर रहा है।

17 वें राष्ट्रीय एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड
• राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ '17 वें राष्ट्रीय एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड' प्रदान किए।
• दो प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत यह अवार्ड उत्तर प्रदेश और गुजरात को प्रदान किए गए।

हाल ही केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कोटा से इटावा तक चंबल नदी के समानांतर एक नए एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा, जिसका नया नाम पूर्व प्रस्तावित चंबल एक्सप्रेस हाइवे के स्थान पर अटल एक्सप्रेसवे होगा। 

राजस्थान की अनामिका कंवर का चयन एफआईएच पैरा हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

लाडो प्रोत्साहन योजना में नवीनतम बदलाव
• सरकार ने योजना से "दो से अधिक संतान" होने की शर्त को पूरी तरह हटा दिया है। अब परिवार की सभी बेटियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
• निजी स्कूलों की छात्राएं शामिल: पहले इस योजना का लाभ केवल सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली बालिकाओं को मिलता था। नवीनतम बदलाव के बाद मान्यता प्राप्त निजी (प्राइवेट) स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को भी इसमें शामिल कर लिया गया है।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत कोच्चि (केरल) में 8 से 9 जुलाई 2026 को ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में नीरू यादव ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने यूएन वूमेन इंडिया के साथ उन्हें ग्रासरूट्स लीडर और पैनलिस्ट के तौर पर चुना।
नीरू यादव
• झुंझुनू जिले के लंबी अहीर की सरपंच।
• उपनाम:- हॉकी वाली सरपंच।

100 आइकन्स ऑफ राजस्थान
‌• राज्य के आर्थिक, औद्योगिक एवं सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने के उद्देश्य से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा '100 आइकन्स ऑफ राजस्थान' पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 विशिष्ट व्यक्तियों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि 55 वर्ष से कम आयु की 55 महिलाओं तथा 45 वर्ष से कम आयु के 45 पुरुषों का चयन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए एवं सी के अंतर्गत 4705 मेगावाट स्थापित क्षमता के साथ राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है।

विश्व जनसंख्या दिवस:- 11 जुलाई 
 • राजस्थान की कुल प्रजनन दर 2.1 है, जो जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्षित स्तर के अनुरूप है। आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग में भी राजस्थान राष्ट्रीय औसत से आगे है। जहां राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 52.7 प्रतिशत है, वहीं राजस्थान में 57.1 प्रतिशत है।
इस अवसर पर राज्यस्तरीय परिवार कल्याण अवार्ड प्रदान किए गए।
संस्थागत पुरस्कार योजना के अंतर्गत परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चित्तौड़गढ़ जिले को प्रथम पुरस्कार राशि 18 लाख), सीकर को द्वितीय पुरस्कार राशि (11 लाख), कोटा को तृतीय पुरस्कार (9 लाख) तथा करौली को चतुर्थ पुरस्कार (5 लाख) प्रदान किया गया है।
पीपीआईयूसीडी सेवाओं में बांसवाड़ा को प्रथम पुरस्कार।
सर्वश्रेष्ठ पंचायत समिति श्रेणी में इटावा (जिला कोटा) को प्रथम पुरस्कार।
सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत श्रेणी में हरराजपुरा (पंचायत समिति मसूदा, जिला ब्यावर) को प्रथम पुरस्कार।
• व्यक्तिगत पुरस्कारों के अंतर्गत एलएचवी आशा वर्मा (उप जिला चिकित्सालय, भवानीमंडी, झालावाड़) को दो बच्चों तक नसबंदी के लिए सर्वाधिक प्रेरित करने पर राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है। 

हाल ही महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU), बीकानेर ने राष्ट्रीय पुस्तकालय, कोलकाता के साथ अकादमिक एवं पुस्तकालय सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) किया।

चंबल गार्डन:- कोटा

एंजेल कंवर डाबी
• सिरोही जिले के पिंडवाड़ा की एक मेधावी छात्रा एंजेल कंवर डाबी का चयन दुनिया के पहले ऑल-गर्ल्स अंतरराष्ट्रीय चंद्र उपग्रह मिशन 'शक्तिसैट' (ShakthiSAT) के लिए हुआ है।
• इस प्रतिष्ठित मिशन के लिए पूरे भारत से केवल 108 छात्राओं का चयन किया गया है, जिसमें एंजेल भी शामिल हैं।
• मिशन का उद्देश्य: 'शक्तिसैट' मिशन का लक्ष्य अंतरिक्ष क्षेत्र में महिलाओं को बढ़ावा देना है। 
• यह इसरो (ISRO) और नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन द्वारा समर्थित है।

राजस्थान टेक्सटाइल एवं अपैरल नीति-2025 
• इस नीति के बेहतर क्रियान्वयन के लिए एक राज्य स्तरीय डेडिकेटेड टेक्सटाइल सेल का गठन किया गया है।
• साथ ही, राज्‍य में पहली बार राज्‍य का तथा 11 जिलों के लिए जिला स्तरीय टेक्सटाइल एक्‍सपोर्ट एक्‍शन प्‍लान तैयार किया गया हैं। इसमें भारत सरकार द्वारा चयनित 7 चैंपियन जिले (अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जोधपुर एवं कोटा) और 4 एसपाइरेशनल जिले (श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर एवं चूरू ) शामिल हैं। 
• भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक वस्त्र एवं परिधान निर्यात को 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राजस्थान में भी इस क्षेत्र के निर्यात को 3-4 गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 
• राजस्थान ऊन उत्पादन में लगभग 47 % योगदान के साथ प्रथम एवं कपास उत्पादन में पांचवें स्थान पर है।

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026
• 13 जुलाई को देवस्थान विभाग की लोकप्रिय 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' के तहत श्रद्धालुओं को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। 
• देवस्थान मंत्री:- जोराराम कुमावत। 

हाल ही केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने सिरोही जिले के आबूरोड में भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण किया।

के सी मालू का निधन
• हाल ही वीणा कैसेट्स के संस्थापक केसरी चंद मालू (के सी मालू) का निधन हो गया। 
• उन्हें राजस्थानी लोक संगीत को कैसेट के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है।
• 'राजस्थान रत्न' से सम्मानित।

वीबी जी राम जी योजना में श्रम नियोजन (लेबर डिप्लोयमेंट) में राजस्थान देशभर में पहले स्थान पर है। 

जोधपुर की 200 वर्ष पुरानी मोजड़ी कला को GI टैग मिला 
• हाल ही पारंपरिक जोधपुरी मोजड़ी हस्तशिल्प, जिसे जोधपुर जूती के नाम से भी जाना जाता है, को भौगोलिक उपदर्शन (GI) प्रमाणन प्रदान किया गया है। 
• इस शिल्प का पंजीकरण GI संख्या 735 के अंतर्गत किया गया है।
• यह GI प्रमाणन जोधपुर हस्तशिल्प निर्यातक संघ तथा ग्राम विकास सेवा संस्थान, पीपाड़ सिटी को प्रदान किया गया।
• अब राजस्थान के 24 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है।

भौगोलिक संकेतक (GI) प्रमाणन
• भारत में भौगोलिक संकेतक (पंजीकरण और सुरक्षा) अधिनियम 1999 के तहत जीआई टैग दिए जाते हैं।
• जीआई टैग, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के तहत भौगोलिक संकेतक रजिस्ट्री द्वारा जारी दिए जाते हैं। 
• जीआई टैग को 10 वर्ष तक कानूनी संरक्षण प्राप्त होता है, जिसके बाद इसका नवीनीकरण कराया जा सकता है।

राजस्थान विधानसभा का अमृत महोत्सव
• आयोजन तिथि: 15 जुलाई 2026
• मुख्य उद्देश्य: राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की गौरवशाली लोकतांत्रिक यात्रा और विधाई परंपराओं का जश्न मनाना
• उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला।
• समापन सत्र के मुख्य अतिथि: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।
• मुख्य आकर्षण: विधायी गौरव यात्रा 
राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्व एवं वर्तमान विधायकों का विशेष कार्यक्रम (विधायी गौरव यात्रा) आयोजित किया गया।
पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में पहली विधानसभा से लेकर वर्तमान 16वीं विधानसभा तक के जीवित पूर्व और वर्तमान विधायक एक मंच पर एकत्र हुए और अपने अनुभव साझा किए। (वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम कार्यक्रम)

भारत टेक्स 2026 
• भारत टेक्स 2026 भारत को वैश्विक टेक्सटाइल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने और भारतीय वस्त्र उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है।
• भारत टेक्स 2026 भारत का प्रमुख वैश्विक टेक्सटाइल एवं अपैरल आयोजन है, जिसका आयोजन भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (BTTF) द्वारा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया। 
• केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने इस आयोजन का उद्घाटन किया। 

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में 16 जुलाई को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन किया गया। 

कृषि विभाग और टैफे जेफ़ार्म सर्विसेज के बीच एमओयू साइन
• 16 जुलाई को राज्य के कृषि विभाग और टैफे–जेफ़ार्म सर्विसेज के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ।
• इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में कृषि यंत्रीकरण को मजबूत करना और विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध कराना है।
• इस सहयोग के माध्यम से किसान जेफ़ार्म सर्विसेज के डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण आसानी से किराए पर ले सकेंगे, जिससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादकता बढ़ेगी।

शिक्षा विभाग और पिरामल फाउंडेशन के बीच एमओयू
• 16 जुलाई को राज्य में विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग और पीरामल फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
• इसके अंतर्गत पिरामल फाउंडेशन टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के रूप में काम कर राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग आधारित डिजिटल शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। 

देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का लोकार्पण
• 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब के जालंधर से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। 20 राज्यों के इन पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों में राजस्थान के 8 अमृत स्टेशन गोटन, डीग, सोमेसर, दौसा, खैरथल, बाड़मेर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी भी शामिल हैं।
• मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर के गोटन रेलवे स्टेशन से वीसी के जरिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े।

हाल ही शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) तथा पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर जोधपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिराई (भोपालगढ़) में आयोजित ‘भारतीय सनातन संस्कृति पुनरुत्थान भवन’ के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए।

निवेश अनुकूलता सूचकांक (IFI) 2026 
• नीति आयोग द्वारा जुलाई 2026 में जारी निवेश अनुकूलता सूचकांक (IFI) 2026 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में निवेश के माहौल का मूल्यांकन करने वाला भारत का पहला व्यापक ढांचा है।
• शीर्ष राज्य: इस सूचकांक में गुजरात (56.6 अंक) ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
• अन्य शीर्ष राज्य: गुजरात के बाद महाराष्ट्र (53.7), तमिलनाडु (53.3), गोवा (53.1) और ओडिशा (52.4) का स्थान है।
राजस्थान का प्रदर्शन: राजस्थान को ‘अग्रणी राज्य’ की श्रेणी में स्थान मिला है। 
राजस्थान समग्र रूप से देश में 10वें स्थान पर और बड़े राज्यों की श्रेणी में 8वें स्थान पर रहा है (स्कोर: 48.1)। 
नियमों के सरलीकरण में राज्य का दूसरा और निवेश प्रोत्साहन नीतियों में तीसरा स्थान है।
आठ प्रमुख स्तंभ 
यह सूचकांक 84 संकेतकों और निम्नलिखित 8 स्तंभों के आधार पर तैयार किया गया है:
बुनियादी ढांचा (Infrastructure)
व्यावसायिक माहौल (Business Climate)
संसाधन (Resources)
सरकारी नीति (Government Policy)
विनियामक सुगमता (Regulatory Ease)
संस्थागत वातावरण (Institutional Environment)
वित्तीय स्वास्थ्य (Financial Health)
पर्यावरणीय लचीलापन (Environmental Resilience)

राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश:- संजीव प्रकाश शर्मा।

हाल ही उद्योग एवं वाणिज्य विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड ने अलवर में ट्रैक्टर्स एण्ड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (टैफे) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टैफे मोटर्स एण्ड ट्रैक्टर्स लिमिटेड के विनिर्माण संयंत्र में डॉयट्स इंजन उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया।

हाल ही विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के हाथीखेड़ा गांव में बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया। 

प्रधान खनिजों के 141 खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी के साथ राजस्थान ने प्रधान खनिजों की नीलामी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। 

साइबर सुरक्षा अभियान 
• मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 20 जुलाई, 2026 को जयपुर में पोस्टर विमोचन कर राज्यव्यापी 'साइबर सुरक्षा अभियान' का शुभारंभ किया।
• नोडल केंद्र : राजस्थान साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (R4C) व 1930 साइबर हेल्पलाइन।

अंतरराष्ट्रीय वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (IWTC) सीजन-3 का आयोजन 19-20 जुलाई 2026 को जयपुर (कुकस) के फेयरमोंट होटल में किया गया।
उद्घाटन:- उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी।

मुख्यमंत्री युवा सुयोग 
• यह राजस्थान सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 21 जुलाई 2026 को किया गया है। यह योजना युवाओं को खेल, कौशल विकास, शिक्षा, और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए शुरू की गई है।
• शुरुआत में इसे जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।
उद्देश्य: युवाओं की प्रतिभा को निखारना, उन्हें खेल व कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और 'माई भारत' (MY Bharat) पोर्टल से जोड़ना।
• युवा क्लब: वार्ड, पंचायत और विधानसभा स्तर पर 'युवा सुयोग क्लब' बनाए जा रहे हैं, जो युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ेंगे।
• पंजीकरण: युवा सुयोग पोर्टल या राज एसएसओ (Raj SSO) के माध्यम से इसमें पंजीकरण किया जा सकता है।
SUYOG : Strengthening & Upscaling of  Youth with One Goal (एक साझा लक्ष्य के साथ युवाओं का सशक्तिकरण एवं क्षमता विस्तार)।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों पर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में उच्च जोखिम (हाई रिस्क) वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर सहयोग, मार्गदर्शन और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए ‘प्रसव सखी’ व्यवस्था शुरू की जा रही है। 

राजस्थान नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से सबसे अधिक लाभान्वित हुआ है। प्रदेश में 1 हजार 192 किलोमीटर लम्बाई के एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ है, यह देश के किसी भी अन्य राज्य से अधिक है। 

शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर केंद्र 
• हाल ही ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में जयपुर जिले के फागी ब्लॉक में शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) केंद्र का शुभारंभ किया गया।
• यह केंद्र जिला परिषद जयपुर, फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 लाख रूपए के सीएसआर सहयोग तथा शक्ति संगम संस्था की सहभागिता से स्थापित किया गया है।

जयपुर के फिल्म डायरेक्टर तनुज भाटिया और तनुका लाघाटे की डॉक्यूमेंट्री '75 इयर्स ऑफ एनडीए' को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एडिटिंग कैटेगरी में सम्मान मिला है। यह डॉक्यूमेंट्री राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 75 साल के इतिहास, सैन्य प्रशिक्षण और कैडेट्स के जीवन पर आधारित है। 

थार मरुस्थल में तैयार हुई 28 किमी परिधि की विशाल कृत्रिम झील
• इंदिरा गांधी नहर परियोजना की मुख्य नहर पर स्थित आरडी-1356 पर बनी एस्केप संरचना को अब 28 किलोमीटर परिधि के बड़े जलाशय के रूप में विकसित कर दिया गया है। मानसून के दौरान पंजाब की ओर से आने वाला अतिरिक्त पानी इस विशाल कृत्रिम झील में जब इकट्ठा होगा तो ऐसा लगेगा मानो रेत में एक विशाल समंदर हिलोरें ले रहा हो। जैसलमेर जिले के घांटियाली क्षेत्र में निर्मित यह जलाशय जैलसमेर-बाड़मेर जिलों में पानी की बढ़ती मांग को पूरा करेगा।
• उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी मुख्य नहर की लंबी प्रणाली में शुरू से ही कई स्थानों पर एस्केप संरचनाएं बनी हुई हैं, जिनका मूल उद्देश्य नहर में अधिक डिस्चार्ज या आपात स्थिति के दौरान अतिरिक्त पानी को सुरक्षित बाहर निकालना है। मानसून के समय जब सिंचाई की मांग घट जाती है, तब भारी मात्रा में पानी संग्रहण व्यवस्था के अभाव में अंतरराष्ट्रीय सीमा से बहकर बेकार चला जाता है। 
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में चार एस्केप रिजर्वायर जल जीवन मिशन के तहत बनाने की योजना को मंजूरी दी गई थी। 
1. आरडी-507 (सत्तासर, बीकानेर):- निर्माण कार्य पूरा 
2. आरडी-507 (बुर्जी, जैसलमेर):- निर्माण कार्य पूरा 
3. आरडी-750 (गजनेर लिफ्ट परियोजना क्षेत्र, बीकानेर):- निर्माण जारी 
4. आरडी-1121 (जोधपुर):- निर्माण जारी 
अब तक आरडी- 507 एवं बुर्जी 1356 एस्केप रिजर्वायर का काम पूरा हो चुका है। इन चार जलाशयों से जल जीवन मिशन की 43 वृहद पेयजल परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे 6 हजार 707 गांवों में 20 लाख से अधिक परिवारों को फायदा होगा।  

राजस्थान में ई-जीरो एफआईआर की नई व्यवस्था लागू
• राजस्थान में 23 जुलाई 2026 से 1 लाख रुपये या उससे अधिक की साइबर ठगी की शिकायतों पर ई-जीरो एफआईआर (e-Zero FIR) स्वतः दर्ज करने की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
• सीमा में बदलाव: पहले यह स्वतः ई-जीरो एफआईआर की सीमा 5 लाख रुपये थी, जिसे घटाकर अब 1 लाख रुपये कर दिया गया है।
• कैसे होगी दर्ज: राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (हेल्पलाइन नंबर 1930) पर शिकायत दर्ज होते ही I4C और CCTNS प्रणाली के एकीकरण के जरिए यह एफआईआर अपने आप दर्ज हो जाएगी।
• त्वरित कार्रवाई: पुलिस को शिकायतकर्ता के थाने आने या हस्ताक्षर करने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज करने और ठगी गई राशि को बचाने में मदद मिलेगी।

अशोक शर्मा का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू 
• जयपुर के रामपुरा गाँव के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने 23 जुलाई 2026 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में अपना अंतर्राष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया।

नरेशपाल गंगवार आईएएस अधिकारी
• केंद्र सरकार ने राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेशपाल गंगवार को नई दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग में सचिव नियुक्त किया है।

प्रथम राजस्थान पेयजल संवाद 
• 24 जुलाई 2026 को जल जीवन मिशन 2.0 के तहत जयपुर के जल भवन में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा प्रथम राजस्थान पेयजल संवाद का आयोजन किया गया।
• इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने की।
• मुख्य विषय: 'सतत ग्रामीण पेयजल सेवाओं में समुदाय की भागीदारी'।
• उद्देश्य:- जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत और प्रगति जानना।
• अब प्रत्येक माह इस संवाद का आयोजन किया जाएगा।

प्रथम राजस्थान जल सम्मेलन 2026
• 24 जुलाई, 2026 को द ललित, जयपुर में प्रथम 'राजस्थान वाटर कॉन्क्लेव-2026' आयोजित हुआ।
• आयोजन : द इकोनॉमिक टाइम्स
• उद्घाटन : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
• मुख्य विषय : 'जल संरक्षण, भविष्य का संरक्षण'
• इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों में पेयजल सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ ही लगभग 4 लाख 84 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, यमुना जल समझौते के तहत लगभग 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन से 1,917 क्यूसेक यमुना जल शेखावाटी पहुंचेगा, जिससे सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिले के लगभग 75 लाख लोगों को स्थायी पेयजल राहत मिलेगी।
• मुख्यमंत्री ने कहा कि उदयपुर शहर की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 1 हजार 691 करोड़ रुपये की लागत से देवास तृतीय एवं देवास चतुर्थ परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
वहीं, नर्मदा के पानी को रानीवाड़ा और भीनमाल तक पहुंचाने और ब्राह्मणी नदी के पानी को बीसलपुर तक लाने की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 
साथ ही, परवन बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों की जीवनरेखा साबित होगी। 
• मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान जल सम्मेलन के दौरान राजस्थान राज्य जल योजना–2047 का अनावरण किया। 
वर्ल्ड्स हैप्पिएस्ट सिटीज़ 2026 
टाइम आउट (Time Out) द्वारा जारी वर्ल्ड्स हैप्पिएस्ट सिटीज़ 2026 की सूची में राजस्थान की राजधानी जयपुर को  छठा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही जयपुर शीर्ष 10 में स्थान पाने वाला भारत का एकमात्र शहर बन गया है।
• शीर्ष 5 सबसे खुशहाल शहर: बाथ (इंग्लैंड), पनामा सिटी (पनामा), ग्वाडलहारा (मेक्सिको), मेडेलिन (कोलंबिया), क्राको (पोलैंड)।

पीएम सेतु (PM SETU) योजना
• शुभारंभ:- 4 अक्टूबर 2025 (अवधि: 5 वर्ष)।
• केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की 'पीएम सेतु' (PM SETU) योजना को लागू करने वाला राजस्थान उत्तर भारत का पहला तथा देश का पाँचवाँ राज्य बना है।  
• प्रथम अनुमोदन: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में 24 जुलाई, 2026 को आयोजित बैठक में भिवानी क्लस्टर हेतु एच.जी. इन्फ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 
• पीएम सेतु (PM-SETU) का पूरा नाम 'प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एंप्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई' (Pradhan Mantri Skilling and Employability Transformation through Upgraded ITIs) है। 
• प्रस्तावित क्लस्टर: प्रदेश के कुल 8 क्लस्टरों (भिवानी, जोधपुर, जयपुर, बालोतरा, बाँसवाड़ा, भरतपुर, बीकानेर एवं कोटा) के लिए प्रस्ताव माँगे गए थे।  

चूरू में यूएनसीसीडी कोप-17 का प्री-कोप
• हाल ही 26 जुलाई 2026 को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर चूरू में यूएनसीसीडी कोप-17 का प्री-कोप का आयोजन किया गया।
• 'ए कंट्री ऑफ द गंग कैनाल : लैंड, वाटर एंड क्लाइमेट रेसिलियंस इन द थार डेजर्ट' विषय पर राष्ट्रीय स्तर का संवाद गंगनहर की स्थापना के शताब्दी वर्ष (1927–2027) के अवसर पर आयोजित किया गया।
• इस दौरान भूमि पुनर्स्थापन, जल प्रबंधन, मरुस्थलीय पारिस्थितिकी, घासभूमि संरक्षण एवं जलवायु सहनशीलता पर देश के अग्रणी वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया गया। 

जयपुर में भारत टैक्सी का विधिवत शुभारंभ
• राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 25 जुलाई 2026 को जयपुर के एचसीएम रीपा (HCM RIPA) और ओटीएस स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार में देश के पहले सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म 'भारत टैक्सी' (Bharat Taxi) का विधिवत शुभारंभ किया।
• थीम:- सारथी ही मालिक
• किफायती राइड: ओला और उबर जैसी निजी कैब सेवाओं की तुलना में किराया 10 से 15% तक कम है।
• नो सर्ज प्राइज: पीक आवर्स (व्यस्त समय) में कोई अतिरिक्त या बढ़ा हुआ किराया (सर्ज चार्ज) नहीं लिया जाएगा।
• इसमें वाहन चालकों को 'सारथी' नाम दिया गया है।
• चालकों के लिए स्वामित्व मॉडल: चालक (सारथी) इस प्लेटफॉर्म पर सिर्फ कर्मचारी नहीं बल्कि मालिक/हिस्सेदार हैं, जिन्हें उनकी मेहनत का पूरा पैसा मिलता है और कोई अतिरिक्त कमीशन नहीं काटा जाता।
• बीमा कवर: चालकों को ₹5 लाख तक का दुर्घटना बीमा दिया जाता है।
• कार्यक्रम में सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव द्वारा आरसीडीएफ, नगर निगम, जयपुर मेट्रो एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम लिमिटेड के साथ एमओयू किए गए।

हाल ही जयपुर शहर की पैरा-निशानेबाज मोना अग्रवाल ने सर्बिया में वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट (WSPS) वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीता।
मोना ने महिलाओं की R2 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

आमजन की बढ़ती भागीदारी के परिणामस्वरूप राजस्थान ने अंगदान संकल्प अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में 3 करोड़ 85 लाख 84 हजार से अधिक प्रधानमंत्री जन धन खाते खोले जा चुके हैं। प्रधानमंत्री जन धन खातों में जमा राशि के मामले में राजस्थान देशभर में चौथे स्थान पर है। 

हाल ही राजस्थान पुलिस ने पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) एवं यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर (यू.के.) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। 

हाल ही राजस्थान के गंगापुर सिटी के पैरा निशानेबाज राहुल शर्मा ने सर्बिया में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट वर्ल्ड कप 2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्टैंडर्ड (SH1) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

42वां पंडित मनमोहन भट्ट राष्ट्रीय स्मृति संगीत महोत्सव
• आयोजन: 27-28 जुलाई 2026
• राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में आयोजित।
पं. मनमोहन भट्ट राष्ट्रीय संगीत अवॉर्ड:
1. रविंद्र उपाध्याय (प्लेबैक सिंगर)
2. पंडित मनभावन डांगी (वायलिन वादक)
3. राकेश मिश्रा।

गुरू पूर्णिमा पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम 
• भरतपुर में 29 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास किया। 
• विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को बेहतर बनाने एवं पठन को सहज बनाने के लिए मुख्यमंत्री 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के समस्त विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालांश में पठन किया जाएगा।

राजस्थान ने भारत का पहला रेयर अर्थ एलिमेंट्स (REE) एक्सप्लोरेशन लाइसेंस जारी किया
• रेयर अर्थ एलिमेंट्स (REE) के एक ब्लॉक के लिये एक्सप्लोरेशन लाइसेंस (EL) निष्पादित करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है।
• यह लाइसेंस 207.6 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के लिये प्रदान किया गया है, जिसमें बालोतरा ज़िले की पचपदरा तहसील के नवातला-देवीगढ़ तथा जोधपुर ज़िले की शेरगढ़ तहसील शामिल हैं।
• भूवैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार इस अन्वेषण क्षेत्र में लैंथेनम (Lanthanum), सेरियम (Cerium), प्रसीओडिमियम (Praseodymium) तथा नियोडिमियम (Neodymium) की उपस्थिति पाई गई है।
• एजेंसी: यह एक्सप्लोरेशन लाइसेंस सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (Central Mine Planning and Design Institute Ltd.–CMPDI) को प्रदान किया गया है।

8 जिलों में स्थाई लोक अदालतों के गठन का अनुमोदन
• हाल ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के 8 जिलों में स्थाई लोक अदालतों के गठन का अनुमोदन किया है। 
• मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार फलौदी, डीडवाना-कुचामन, खैरथल-तिजारा, ब्यावर, बाड़मेर, डीग, कोटपूतली-बहरोड़ एवं सलूम्बर में स्थाई लोक अदालत खोली जाएंगी।
• उल्लेखनीय है कि लोक अदालतें विवादों के त्वरित और किफायती समाधान की व्यवस्था है। इसमें आपसी सहमति से निर्णय किए जाते हैं, जिससे आमजन के समय और धन दोनों की बचत होती है। 

राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन
• राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत राज्य में अब तक 2 हजार 380 क्लस्टर गठित किए जा चुके हैं, जो आंध्र प्रदेश के बाद देशभर में सर्वाधिक है। इन क्लस्टरों से प्रदेश के 2 लाख 12 हजार 346 किसान जुड़े हैं, यह संख्या आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश के बाद देश में सबसे अधिक है। 
इस प्रकार प्राकृतिक खेती में राजस्थान क्लस्टर गठन में दूसरे और कृषक पंजीकरण में तीसरे स्थान पर है।
• उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन 25 नवंबर 2024 को प्रारम्भ किया गया, जिसका उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार करना तथा किसानों की आय बढ़ाना है। 
यह मिशन केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, प्रमाणन और विपणन की समग्र सुविधा भी उपलब्ध कराता है। 
इसके तहत देशभर में 527 कृषि विज्ञान केंद्र, 76 कृषि विश्वविद्यालय, 194 स्थानीय प्राकृतिक खेती संस्थान तथा 18 उत्कृष्टता केंद्र मिशन अंतर्गत किसानों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

हाल ही कामां विधायक नौक्षम चौधरी और पाली विधायक भीमराज भाटी ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ स्टेट लेजिस्लेचर्स समिट 2026 में भाग लिया। 

इंटरनेशनल टाइप-1 डायबिटीज़ समिट 2026 
• 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक जोधपुर में इंटरनेशनल टाइप-1 डायबिटीज़ समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। 
• यह समिट द फ्रेंड्स ऑफ मेवाड़ (The Friends of Mewar) द्वारा ब्रेकथ्रू T1D (Breakthrough T1D) तथा विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (William J. Clinton Foundation) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। 
• उद्देश्य: इस समिट का उद्देश्य शीघ्र निदान, किफायती उपचार तथा रोगियों की दीर्घकालिक देखभाल पर चर्चा के माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज़ की न्यायसंगत एवं समान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है। 

मिशन मधुहारी
• राजस्थान में टाइप-1 डायबिटीज़ से पीड़ित बच्चों की देखभाल के लिए "मिशन मधुहारी" की शुरुआत 7 अप्रैल 2025 (विश्व स्वास्थ्य दिवस) को राज्यस्तरीय समारोह के दौरान औपचारिक रूप से व्यापक तौर पर की गई, हालांकि इसे पायलट रूप में नवंबर 2024 में नागौर आदि कुछ स्थानों से शुरू किया गया था।
उद्देश्य:- बच्चों में टाइप-1 मधुमेह (Type-1 Diabetes) की बीमारी की समय पर पहचान और बेहतर इलाज करना।
लक्ष्य:- वर्ष 2030 तक राज्य में टाइप-1 डायबिटीज के कारण किसी भी बच्चे की मृत्यु को रोकना।
• वर्तमान में प्रदेश के 41 जिलों में 120 विशेष टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं।

प्रमुख तकनीकी नवाचार (AI आधारित):-
मधुरूप AI डिजिटल ट्विन:- भविष्य में हाइपो एवं हाइपरग्लाइसीमिया के जोखिम का पूर्वानुमान लगाने वाली अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक। इस तकनीक को विकसित करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है।
मधु नेत्र AI:- आंखों की गंभीर जटिलताओं की प्रारंभिक पहचान हेतु AI आधारित रैटिनोपैथी स्क्रीनिंग शुरू की गई है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में इस प्रकार की AI आधारित स्क्रीनिंग लागू करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है। इसे 7 जिलों में सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है।
इस नवाचार को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है।
मधुहारी बैंक:- इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, ग्लूको स्ट्रिप्स एवं अन्य आवश्यक सामग्रियां नि: शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मधुहारी कैंपस पहल:- प्रदेश के 205 सरकारी विद्यालयों और 41 महाविद्यालयों को टाइप-1 डायबिटीज अनुकूल बनाने हेतु।
मधुरंग:- मरीजों के बीच संवाद एवं सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना।
मधुवाणी:- 104 हेल्पलाइन पर 24 घंटे परामर्श उपलब्ध।

श्रीरामशान्ताय जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र:- जाखोड़ा (कोटा)

राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय (CURAJ), बांदरसिंदरी, अजमेर ने नेचर इंडेक्स 2026 में देश के शीर्ष 100 शोध संस्थानों में स्थान प्राप्त किया है।

“इला न देणी आपणी, हालरिया हुलराय। पूत सिखावै पालणै, मरण बड़ाई माय॥” किसकी पंक्तियां हैं? - महाकवि सूर्यमल्ल मिश्रण।

हाल ही 31 जुलाई, 2026 को राज्यपाल के पद पर हरिभाऊ बागडे का 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो गया।
उन्होंने 22 वें राज्यपाल के रूप में 31 जुलाई, 2024 को पदभार ग्रहण किया था।

31 जुलाई को राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के सदस्य डॉ.अशोक कुमार कलवार का कार्यकाल पूर्ण हो गया तथा सचिव रामनिवास मेहता सेवानिवृत्ति हो गए।

कॉमनवेल्थ शांति मध्यस्थता एवं विधि का शासन सम्मेलन
• राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), कॉमनवेल्थ लॉयर्स एसोसिएशन (सीएलए), सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) तथा निवारण - मेडिएटर्स ऑफ सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक होटल द ललित, जयपुर में कॉमनवेल्थ पीस मेडिएशन एंड रूल ऑफ लॉ विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने किया।

सीएसएस 68 (CSS 68)
• सरसों की नई उन्नत किस्म।
• विकासकर्ता संस्थान:- कृषि अनुसंधान केंद्र, फतेहपुर (सीकर)
• सहयोगी संस्थान: ICAR - केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान, करनाल (हरियाणा)
• सरसों की नई उन्नत किस्म 'सीएस-68' (CS-68) को लवणीय और क्षारीय भूमि में खेती के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है।

मिसेज इंडिया 2026:- आकांक्षा चौधरी (अजमेर)
मिस राजस्थान 2026:- श्रीजा गुप्ता (जयपुर)

रोशनी अभियान
• आयोजक महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सिरोही जिला प्रशासन।
• उद्देश्य - सिरोही जिले को एनीमिया-मुक्त बनाना।
• अभियान के तहत मुख्यतः बालिकाओं के हीमोग्लोबिन की जांच कर स्वास्थ्य संवर्धन के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

23वें राष्ट्रमंडल खेलों में राजस्थान
• 23 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में सम्पन्न राष्ट्रमंडल खेलों में राजस्थान के दो एथलीटों ने पदक जीते।
• अरुंधति चौधरी (कोटा): मुक्केबाजी की महिला 70 किग्रा. स्पर्धा में इंग्लैंड की शेंटेले रीड को हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता।
अरुंधति राष्ट्रमंडल खेलों में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाली और स्वर्ण पदक जीतने वाली राज्य की पहली महिला मुक्केबाज बनीं।
• यशवीर सिंह (जयपुर): एथलेटिक्स की पुरुष जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में 85.41 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। 
यशवीर सिंह उत्तर पश्चिम रेलवे से जुड़े हैं।

SAVE WATER

Post a Comment

0 Comments